Skip to main content

जादू क्या है और जादू के प्रकार

जादू क्या है और जादू के प्रकार

फ्रेजर ने जादू के संबंध में विवेचना करते हुए लिखा है जादू में दो आधारभूत सिद्धांतों का समावेश होता है - 
प्रथम तो यह कि समान कारण से समान कार्य उत्पन्न होता है, अर्थात एक कार्य अपने कारण के सदृश्य होता है । और दूसरा यह कि जो वस्तु एक बार किसी के संपर्क में आ जाती है वह सदैव उसके संपर्क में रहकर उस समय भी एक दूसरे पर क्रिया व प्रतिक्रिया करती रहती है जबकि उनका शारीरिक संबंध टूट गया हो अर्थात वे एक दूसरे से दूर या पृथक हो । 

फ्रेजर ने अपने इन दो सिद्धांतों को नियमों का रूप दिया है और इन्हीं के आधार पर जादू के दो भेदों का उल्लेख किया है । प्रथम सिद्धांत को आपने समानता का नियम कहकर पुकारा है । समानता के नियम पर जो जादू आधारित है उसे होम्योपैथिक ( Homeopathic ) या अनुकरणात्मक ( Imitative ) जादू कहते हैं । दूसरे सिद्धांत को फ्रेजर ने संपर्क या संसर्ग का नियम कह कर पुकारा है । संसर्ग के नियम पर जो जादू आधारित है उसे संक्रामक जादू ( Contagious magic ) कहते हैं ।

इस प्रकार फ्रेजर के अनुसार जादू के दो प्रकार हैं -
1. - अनुकरणात्मक जादू और।
2. - संक्रामक जादू ।

अनुकरणात्मक जादू
 :- 
इस नियम पर आधारित है कि जब एक प्रकार की क्रिया की जाती है तो परिणाम भी उसी प्रकार का होता है अर्थात समान कारण से समान कार्य उत्पन्न होते हैं । उदाहरणार्थः, आस्ट्रिया मैं यह विश्वास किया जाता है कि यदि प्रसवा माँ को किसी वृक्ष का प्रथम फल खाने को दिया जाए तो उस वृक्ष पर अगले वर्ष काफी फल आएंगे । गेलेलारी समाज में जब कभी युवक प्रेमी अपनी प्रेयसी से मिलने रात्रि में उसके घर जाता है तो वह शमशान से कुछ मिट्टी अपने साथ ले जाता है जिसे वह अपनी प्रेयसी के घर की छत पर डाल देता हैं । इस जादू का यह उद्देश्य होता है कि गुप्त भेंट के समय प्रेयसी के माता पिता गहरी नींद में सोते रहे और उन प्रेमी प्रेमिका के मिलन में कोई बाधा ना पहुंचे ।

संक्रामक जादू :- 
इस नियम पर आधारित है कि जो वस्तु एक बार किसी के संपर्क में आ जाती है, वह हमेशा संपर्क में रहती है । उदाहरणार्थः , एक व्यक्ति के बाल या नाखून उसके शरीर के संपर्क में है । अगर उन बालों या नाखूनों को काट डाला जाए तो बाहरी तौर पर उनका संपर्क उस व्यक्ति के शरीर से समाप्त हो जाता है । परंतु संक्रामक जादू के नियम के अनुसार यह विश्वास किया जाता है कि बाहरी तौर पर उन बालों या नाखूनों का संपर्क व्यक्ति के शरीर से समाप्त हो जाने पर भी उन दोनों का संपर्क बना रहता है । इसीलिए यदि किसी व्यक्ति के कटे हुए बालों या नाखूनों को कोई भी नुकसान पहुंचाया जाए तो उस व्यक्ति को भी कष्ट पहुंचेगा ।

इन दोनों प्रकार के जादुओं को फ्रेजर ने सहानुभूत जादू ( sympathetic magic ) कहा है , क्योंकि इन दोनों प्रकार के जादुओं में कारण और कार्य का आंतरिक संबंध होता है । यह संबंध संपर्क के द्वारा या समानता के कारण उत्पन्न होता है । इसी संबंध के कारण जादुई क्रिया के प्रति उसके लक्ष्य की सहानुभूति होती है । इसीलिए इन्हें सहानुभूत जादू कहा गया है ।

मैलिनोवस्की ने एक दूसरे तरीके से जादू का वर्गीकरण किया है । आपके अनुसार समस्त प्रकार के जादू को दो प्रमुख श्रेणियों में रखा जा सकता है -
1. - सफेद जादू और
2. - काला जादू


1. - सफेद जादू :-
सफेद जादू के दो भेद है । पहले भेद में वे जादू आते हैं जिन्हें की जीवन की अनिश्चितता और खतरों से मनुष्य की रक्षा करने हेतु काम में लाया जाता है । उदाहरणार्थः, ट्रोब्रियांड द्वीप समूह के निवासी गहरे समुद्र में मछली का शिकार करने जाते हैं तब वहां उन्हें प्रायः नाना प्रकार के खतरों का सामना करना पड़ता है । इन खतरों से बचने के लिए वे जादू की सहायता लेते हैं । सफेद जादू के दूसरे भेद में विचित्र घटनाएं आती हैं । जब कोई व्यक्ति जादू की शक्ति से कोई ऐसा चमत्कार दिखाता है जिसकी कि कोई भी आशा नहीं कर सकता, तो उसे इस श्रेणी के अंतर्गत लाते हैं । इन दोनों प्रकार के जादुओं को सफेद जादू इसलिए कहा जाता है कि इनका उद्देश्य सामाजिक दृष्टिकोण से कल्याणकारी होता है । इस कारण ऐसे जादू को समाज की स्वीकृति प्राप्त होती है ।

2. - काला जादू :-
काला जादू का उद्देश्य दूसरों को हानि पहुंचाना होता है । इसीलिए इन्हें काला जादू कहा जाता है और इन्हें समाज की स्वीकृति प्राप्त नहीं होती है । इन जादुओं को जादूगर अपने शत्रु के प्रति प्रयोग करता है जिससे कि उसे जान माल की हानि हो या वह बीमार पड़ जाए या उसे अन्य प्रकार से कष्ट पहुंचे । मैलिनोवस्की काले जादू के अंतर्गत टोना तथा भूत-प्रेतों की सिद्धि को भी सम्मिलित करते हैं ।

डा. दुबे ने जादुई क्रिया के उद्देश्य के आधार पर जादू को तीन भागों में बांटा है -

1. - संवर्द्धक जादू :- 
इसके अंतर्गत आखेट का जादू, उर्वरता का जादू, वर्षा के लिए जादू, मछली पकड़ने का जादू, नोका चलाने का जादू, वाणिज्य-लाभ का जादू और प्रणय के लिए जादू आते हैं ।

2. - संरक्षक जादू :- 
इसके अंतर्गत संपत्ति रक्षा के लिए जादू, दिए हुए ऋण को पुनः प्राप्त करने के लिए जादू, दुर्भाग्य से बचाव के लिए जादू, रोग उपचार के लिए जादू, यात्रा में सुरक्षा के लिए जादू, विनाशक जादू का प्रभाव रोकने के लिए अवरोधक जादू आदि सम्मिलित है ।

3. - विनाशक जादू :- 
इसके अंतर्गत तूफान लाने के लिए जादू, संपत्ति नष्ट करने के लिए जादू, बीमार करने के लिए जादू, मृत्यु बुलाने के लिए जादू आदि आते हैं ।

जादू और विज्ञान :-

फ्रेजर ने अपनी जादू की परिभाषा में लिखा है कि जादू एक आभासी विज्ञान है । एक अन्य स्थान पर आपने जादू को विज्ञान की "अवैध बहन" कहा है । इस अर्थ में, फ्रेजर के अनुसार, जादू आदिमानव का विज्ञान है । स्वभावतः ही इन दोनों में कई समानताएं हैं -

1.- जादू और विज्ञान दोनों ही यह स्वीकार करते हैं कि घटनाएं कुछ प्राकृतिक नियमों के कारण ही घटित होती है और इन नियमों में एक निश्चित व्यवस्था और नियम बद्धता होती है ।

2. - " सहानुभुत जादू यह विश्वास करता है, एक घटना का अनिवार्यता अन्य घटनाओं पर प्रभाव पड़ता है, क्रिया की प्रतिक्रिया होती है ।" विज्ञान में भी यह विशेषता पाई जाती है ।

3. - वैज्ञानिक और जादूगर दोनों ही यह मानते हैं कि प्राकृतिक घटनाओं के कार्य कारण संबंधों को समझकर कारणों को उत्पन्न कर कार्य को भी पैदा किया जा सकता है । दूसरे शब्दों में दोनों ही यह विश्वास करते हैं कि यदि कुछ कार्यक्रमों को नियमानुसार और सूक्ष्म रूप से काम में लाया जाए तो इच्छित परिणाम अवश्य निकलेंगे ।

4. - जादू और विज्ञान में एक और समानता यह है कि दोनों में ही कुछ ना कुछ सीमा तक भविष्यवाणी करने की क्षमता होती है ।

मैलिनोवस्की ने भी जादू और विज्ञान में कई समानताओं का उल्लेख किया है । पहली समानता तो यह है कि दोनों का ही मनुष्य की प्रवृत्तियों और आवश्यकताओं से संबंधित कोई न कोई निश्चित उद्देश्य होता ही है । दूसरी समानता यह है कि जादू और विज्ञान दोनों ही कुछ निश्चित नियमों पर आधारित है । मनमाने ढंग से ना तो जादू में कार्य होता है और ना ही विज्ञान में । तीसरी समानता यह है जादू और विज्ञान दोनों में एक विशेष प्रविधि का प्रयोग किया जाता है ।
उक्त समानताओं के होते हुए भी जादू और विज्ञान को एक समझने की गलती नहीं करनी चाहिए क्योंकि बाहरी तौर पर यह समानताएं प्रकट होने पर भी वे वास्तविक नहीं है । वास्तव में जादू तथा विज्ञान दो अलग-अलग वस्तुएं हैं । इन दोनों में कुछ आधारभूत भिन्नताएं हैं जिनमें से निम्नलिखित प्रमुख हैं -

1. - जादू और विज्ञान में सर्व प्रमुख भिन्नता यह है कि जादू का संबंध अधिप्राकृतिक जगत से है, जबकि विज्ञान केवल प्राकृतिक जगह से संबंध रखता है । अधिप्राकृतिक जगत विज्ञान के क्षेत्र के अंतर्गत कदापि नहीं आता है जबकि जादू की समस्त रुचि इसी में होती है ।

2. - Ruth Benedict के अनुसार विज्ञान के परिणामों की परीक्षा और पुनर्परीक्षा की जा सकती है क्योंकि इसमें वैज्ञानिक पद्धति का प्रयोग होता है और इन पद्धतियों का एक वास्तविक आधार भी होता है । परंतु चूँकि जादू का संपर्क अधिप्राकृतिक जगत से होता है, इस कारण जादू की विधियां मानव मस्तिष्क की कल्पना मात्र होती है ।

3. - विज्ञान की असफलता अपर्याप्त ज्ञान के कारण होती है और इसका संशोधन शोध के द्वारा हो सकता है । परंतु जादू में असफल होने का कारण यह सोचा जाता है कि जादूगर ने मंत्रों के शब्द क्रम अथवा उसके साथ की जाने वाली क्रियाओं में कोई त्रुटि की अथवा उसने इस विशिष्ट स्थिति के अनिवार्य निषेधों का उल्लंघन किया ।

4. - गोल्डनवीजर के अनुसार एक जादूगर जिन उपकरणों का प्रयोग करता है उनमें रूढ़िवादिता या परंपरा की नीव रहती हैं और इसी कारण वे अनुभवों से परे होते हैं । परंतु वैज्ञानिक के उपकरण परिवर्तनशील होते हैं और अनुभव के आधार पर उन्हें किसी भी समय बदला जा सकता है ।

5. - मैलिनोवस्की के अनुसार विज्ञान यहां तक कि आदिमानव का विज्ञान भी निरीक्षण के आधार पर तर्क द्वारा निर्धारित रोज के जीवन के उन स्वाभाविक तथा सार्वभौम अनुभवों पर आधारित है जो कि अपनी जीविका और सुरक्षा के लिए प्रकृति के साथ संघर्ष करने के दौरान मनुष्य प्राप्त करता है । इसके विपरीत जादू मनुष्य की उद्वेगात्मक अवस्थाओं के विशिष्ट अनुभवों पर आधारित होता हैं । जिसमें कि मनुष्य प्रकृति को नहीं बल्कि अपने को निरीक्षण करता है, जिसमें कि सत्य का निर्णय तर्क द्वारा नहीं बल्कि मानव शरीर पर उद्वेगों की क्रियाशीलता द्वारा होता है ।

6. - विज्ञान इस विश्वास पर आधारित है कि अनुभव, प्रयत्न तथा तर्क सही है, पर जादू इस विश्वास पर आधारित है कि आशा व्यर्थ नहीं हो सकती, ना ही इच्छा कभी धोखा दे सकती है ।

जादू और धर्म :-

समानताएं :- 
आदिम संस्कृति में धर्म और जादू एक दूसरे से इतना अधिक घुले मिले हुए हैं कि इन्हें अलग करना एक प्रकार से असंभव ही है ।

1. - गोल्डनवीजर ने लिखा है कि जादू तथा धर्म में जो सामान्य तत्व ( common element ) है वह यह कि दोनों का ही संबंध अधिप्राकृतिक शक्ति से है ।

2. - साथ ही, इन दोनों में ज्ञान परंपरागत होते हैं ।

3. - धार्मिक तथा जादुई क्रियाओं में उद्वेगों की उपस्थिति भी होती है जो कि इन दोनों को और भी घनिष्ठ रूप से संबंधित करती है । मैलिनोवस्की ने लिखा है कि धर्म तथा जादू दोनों ही उद्वेगात्मक तनाव की परिस्थितियों में उत्पन्न होते हैं, जैसे जीवन के संकट, असफल प्रेम और घृणा की परिस्थितियां ।

4. - इन दोनों में एक दूसरी समानता यह है कि दोनों उन संकटमय परिस्थितियों से बचने के साधन के रूप में प्रयोग किए जाते हैं जिनसे की अन्य किसी साधन के माध्यम से पार नहीं पाया जा सकता है । लोग यह विश्वास करते हैं कि धर्म या जादू में चमत्कार दिखाने की शक्ति है क्योंकि यह अधिप्राकृतिक शक्ति पर आधारित है । इसलिए जिन उद्देश्यों की पूर्ति अन्य उपायों से संभव नहीं, वह धर्म तथा जादू की सहायता से सहज ही संभव हो सकती है ।

5. - जादू तथा धर्म संबंधी क्रियाओं को करने के लिए कुछ परंपरागत विधियां होती हैं । जिनका की अनुसरण करना आवश्यक समझा जाता है । अगर जादू या धर्म संबंधी क्रियाओं में अभीष्ट की सिद्धि नहीं होती है तो यह मान लिया जाता है कि उन परंपरागत विधियों का ठीक-ठीक अनुसरण नहीं किया गया है ।

6. - धर्म तथा जादू की क्रियाओं को करने के लिए नित्यप्रति से भिन्न प्रकार का जीवन बिताना पड़ता है । दूसरे शब्दों में इन दोनों में ही कुछ अनिवार्य निषेधों का पालन करना पड़ता है वरना यह सोचा जाता है कि इच्छित उद्देश्य की पूर्ति असंभव है ।

भेद :- उपरोक्त समानता ओं के होते हुए भी धर्म और जादू में निम्नलिखित भेद स्पष्ट है -

1. - धार्मिक - सामाजिक
कृत्य है, जबकि जादू एक वैयक्तिक कृत्य हैं । धर्म और जादू के इस भेद पर दुर्खीम ने अत्यधिक बल दिया है । आपने लिखा है कि जादू मैं भी धर्म की भांति अनेक विश्वास, संस्कार कृत्य आदि होते हैं । फिर भी मूल रूप में जादू वैयक्तिक होता हैं । जादू का संबंध व्यक्ति विशेष से होता है । इसी कारण जादू उस पर विश्वास करने वालों को एक समूह में संयुक्त नहीं कर पाता है । इसके विपरीत धर्म का संबंध किसी व्यक्ति विशेष से नहीं होता है । यह तो एक सामाजिक तथ्य है । इसी कारण धर्म उस पर विश्वास करने वालों को एक नैतिक समुदाय में संयुक्त करता है ।

2. - जादू और धर्म दोनों में ही अधिप्राकृतिक या अलौकिक शक्ति में विश्वास किया जाता है । परंतु धर्म में उस शक्ति की विनती, पूजा, प्रार्थना या आराधना करके उसे प्रसन्न करने और फिर उस प्रसन्नता से लाभ उठाने या उस शक्ति के द्वारा की जाने वाली हानियों से बचने का प्रयत्न किया जाता है । इसके विपरीत जादू में उस शक्ति को दबाकर अपने अधिकार में करके उस शक्ति को अपने उद्देश्य की पूर्ति में प्रयोग किया जाता है । इस भेद को गोल्डनवीजर ने इस प्रकार प्रस्तुत किया है - धर्म में आत्मसमर्पण या अधीनता निहित है, जबकि जादू में दृढ़ आत्म संकल्प तथा नियंत्रण ।

3. - इन दोनों में एक अंतर यह है कि धर्म में अलौकिक शक्ति के प्रति धार्मिक व्यक्ति के मन में भय, श्रद्धा, भक्ति और पवित्रता की भावना होती है । परंतु जादू में जादूगर प्राकृतिक शक्तियों को श्रद्धा और सम्मान की दृष्टि से नहीं देखता है क्योंकि वह उनका भेद जानता है और उन पर काबू पा सकता है ।

4. - मैलिनोवस्की ने लिखा है कि जादू सबके लिए नहीं होता है अर्थात जादुई क्रियाएं केवल वे लोग ही कर सकते हैं जो कि इन क्रियाओं में निपुण है । इन क्रियाओं को ये निपुण व्यक्ति अपने शिष्यों को ही सिखाते हैं । इसके विपरीत धार्मिक क्रियाएं सबके द्वारा और सबके लिए की जाती है ।

5. - धर्म समूह के कल्याण की चिंता करता है, और जादू बहुधा व्यक्ति का कल्याण सोचता है ।

6. - धर्म में प्रार्थना सफल और असफल दोनों ही हो सकती है परंतु जादुई क्रिया इस विश्वास के साथ की जाती है कि उचित उद्देश्य की पूर्ति या अभीष्ट की सिद्धि अवश्य ही होगी ।



Comments

Popular posts from this blog

समावेशी शिक्षा का अर्थ, उद्देश्य एवं विशेषताएँ

समावेशी शिक्षा का अर्थ (Meaning of Inclusive Education) समावेशी शिक्षा (Inclusive Education) ऐसी शिक्षण प्रक्रिया है जिसमें हर बालक - चाहे वह शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, आर्थिक या सांस्कृतिक दृष्टि से भिन्न क्यों न हो - को समान अवसरों के साथ एक ही शैक्षणिक वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार दिया जाता है। इसका उद्देश्य सभी विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा अपनी अक्षमता या सामाजिक परिस्थिति के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। यह शिक्षा प्रणाली “समानता” और “मानवाधिकार” के सिद्धांतों पर आधारित है। समावेशी शिक्षा यह स्वीकार करती है कि सभी बच्चे अपनी-अपनी गति, क्षमता और अनुभव के साथ सीखते हैं, और विद्यालय की जिम्मेदारी है कि वह इन विविध आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण वातावरण प्रदान करे। इस दृष्टिकोण में बच्चों को “समस्या” नहीं माना जाता, बल्कि यह माना जाता है कि शिक्षण प्रणाली को ही इतना लचीला बनाया जाए कि वह प्रत्येक विद्यार्थी की आवश्यकताओं को पूरा कर सके। समावेशी शिक्षा का प्रमुख उद्देश्य यह है कि विद्यालय ऐसा वातावरण तैयार करें जहाँ सभी व...

धर्म का अर्थ, परिभाषा एवं विशेषताएँ

Meaning, definition and characteristics of religion मनुष्य सृष्टि का सबसे जिज्ञासु प्राणी है। वह जीवन, प्रकृति और ब्रह्मांड से जुड़े रहस्यों को समझने का निरंतर प्रयास करता आया है। किंतु जब उसे कुछ ऐसी शक्तियों और घटनाओं का अनुभव होता है जिन पर उसका नियंत्रण नहीं होता — जैसे मृत्यु, आपदा, रोग या प्राकृतिक परिवर्तन - तब उसके मन में एक ऐसी अदृश्य शक्ति के अस्तित्व का बोध होता है जो मानव शक्ति से कहीं अधिक प्रबल है। इस अदृश्य, सर्वशक्तिमान सत्ता के प्रति श्रद्धा, भय और भक्ति की भावना जब संगठित रूप में अभिव्यक्त होती है, तो उसी को “धर्म” कहा जाता है। धर्म का अर्थ (Meaning of Religion) “धर्म”  शब्द संस्कृत धातु  ‘धृ’  से बना है, जिसका अर्थ है - धारण करना, संभालना या स्थिर रखना। इस दृष्टि से धर्म वह शक्ति है जो व्यक्ति और समाज के जीवन को स्थिरता, संतुलन और दिशा प्रदान करती है। धर्म केवल पूजा या आस्था का नाम नहीं है, बल्कि यह मनुष्य के नैतिक, सामाजिक और आध्यात्मिक आचरण की वह प्रणाली है जो उसे सत्य, अहिंसा, प्रेम, दया और करुणा जैसे मूल्यों से जोड़ती है। धर्म का मूल स्वरूप (Nature ...

समावेशी शिक्षा की परिभाषा

Definition of Inclusive Education समावेशी शिक्षा का अर्थ है - प्रत्येक बच्चे को, चाहे वह किसी भी सामाजिक, आर्थिक, मानसिक या शारीरिक स्थिति में हो, समान अवसरों के साथ शिक्षा प्रदान करना। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा मुख्यधारा की शिक्षा से वंचित न रहे। स्टीफन तथा ब्लैकहर्ट के अनुसार, “शिक्षा की मुख्य धारा का अर्थ बाधित बालकों की सामान्य कक्षाओं में शिक्षण व्यवस्था करना है।” उनका यह दृष्टिकोण इस विश्वास पर आधारित है कि सभी बच्चे, चाहे वे विशेष आवश्यकता वाले हों या सामान्य, सीखने की समान क्षमता रखते हैं। समावेशी शिक्षा इसलिए आवश्यक है क्योंकि यह एक ऐसा वातावरण बनाती है जिसमें हर बालक अपनी विशिष्टताओं के साथ स्वीकृत और सम्मानित महसूस करता है। आज के संदर्भ में, समावेशी शिक्षा केवल शारीरिक रूप से बाधित बच्चों की बात नहीं करती, बल्कि यह उन सभी बच्चों के लिए है जो किसी भी कारणवश सामाजिक, भाषायी या आर्थिक रूप से पिछड़ गए हैं। यह अवधारणा समानता, सहयोग और सामाजिक न्याय पर आधारित है। समावेशी शिक्षा का उद्देश्य और मूल विचार समावेशी शिक्षा का प्रमुख उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्...

समावेशी शिक्षा के सिद्धांत

Principles of Inclusive Education  1. कोई भी शिक्षा से वंचित न हो  समावेशी शिक्षा का प्रथम और मूल सिद्धांत यह है कि कोई भी बालक, चाहे वह शारीरिक रूप से बाधित हो या सामान्य, शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे। प्रत्येक बालक को उसके विकास के अनुरूप, निःशुल्क और उपयुक्त शिक्षा प्राप्त करने का समान अवसर दिया जाना चाहिए। किसी भी विद्यालय को यह अधिकार नहीं है कि वह किसी बच्चे को उसकी अक्षमता, आर्थिक स्थिति या सामाजिक पृष्ठभूमि के आधार पर शिक्षा से वंचित करे। 2. व्यक्तिगत विभिन्नता का सम्मान हर छात्र अपनी रुचियों, क्षमताओं और सोचने के तरीके में एक-दूसरे से भिन्न होता है। व्यक्तिगत विभिन्नता दो रूपों में दिखाई देती है - व्यक्ति और व्यक्ति के बीच का अंतर, व्यक्ति का स्वयं के भीतर का भेद। कई विद्यार्थी अपने साथियों से कुछ गुणों या प्रवृत्तियों में अलग होते हैं और उन्हें विशेष शिक्षण पद्धतियों की आवश्यकता होती है। समावेशी शिक्षा ऐसे छात्रों की विशिष्ट आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शिक्षण की योजना बनाती है, ताकि सभी को समान अवसर प्राप्त हो सके। 3. वैयक्तिक शिक्षा वे विद्यार्थी जिन्हें अत...

धर्म की उत्पत्ति के सिद्धांतों और विशेषताएं

धर्म की उत्पत्ति के सिद्धांतों और विशेषताएं  मानव समाज में धर्म की उत्पत्ति कैसे हुई और उसका प्रारंभिक रूप क्या था इस संबंध में मानव शास्त्रियों ने अलग-अलग विचार व्यक्त किए हैं । विकासवादी लेखकों के अनुसार आधुनिक सभ्य समाज जनजातीय या आदिकालीन समाजों का ही क्रमिक विकसित रूप है, इस कारण धर्म की उत्पत्ति भी सर्वप्रथम जनजातीय समाजों में ही हुई होगी । अतः अनेक मानव शास्त्री जनजातियों के जीवन का विश्लेषण करके धर्म की उत्पत्ति और उसके प्रारंभिक रूप को ढूंढने का प्रयत्न करते हैं । यहां हम धर्म की उत्पत्ति के कुछ प्रमुख सिद्धांतों की विवेचना करेंगे । आ. - आत्मावाद या जीववाद :- एडवर्ड टॉयलर इस सिद्धांत के प्रवर्तक हैं । आपके अनुसार आत्मा की धारणा ही " आदिम मनुष्यों से लेकर सभ्य मनुष्यों तक के धर्म के दर्शन का आधार है । यह आत्मावाद दो वृहत विश्वासों में विभाजित है - प्रथम तो यह कि मनुष्य की आत्मा का अस्तित्व मृत्यु या शरीर के नष्ट होने के पश्चात भी बना रहता है और दूसरा यह है कि मनुष्यों की आत्माओं के अतिरिक्त शक्तिशाली देवताओं की अन्य आत्माएं भी होती है ।  एडवर्ड टॉयलर  के अनुसार आत...

आदिकालीन अर्थव्यवस्था, परिभाषा तथा आर्थिक विकास के प्रमुख स्तर

आदिकालीन अर्थव्यवस्था  आदिकालीन अर्थव्यवस्था प्रत्यक्ष रूप से आदिम लोगों की जीविका पालन या जीवन धारण से संबंधित है । जीवन धारण के लिए आवश्यक वस्तुओं का उत्पादन करना, उनका वितरण तथा उपभोग करना है उनकी आर्थिक क्रियाओं का आधार और लक्ष्य होता है । और यह क्रियाएं एक आदिम समाज के संपूर्ण पर्यावरण, विशेषकर भौगोलिक पर्यावरण के द्वारा बहुत प्रभावित होती है । इसलिए जीवन धारण या जीवित रहने के साधनों को जुटाने के लिए हातिम लोगों को कठोर परिश्रम करना पड़ता है । आर्थिक जीवन अत्यधिक संघर्षमय तथा कठिन होने के कारण आर्थिक क्षेत्र में अन्य क्षेत्रों की भांति प्रगति की गति बहुत ही धीमी है । संक्षेप में आदिकालीन अर्थव्यवस्था एक ओर प्रकृति की शक्तियों और प्राकृतिक साधनों, फल मूल, पशु पक्षी, पहाड़ और घाटी, नदियों और जंगलों आदि पर निर्भर है और दूसरी ओर परिवार से घनिष्ठ रूप से संयुक्त है । आदिकालीन मानव प्रकृति द्वारा प्रदत्त सामग्री से अपने उपकरणों का निर्माण करता है और उनकी सहायता से परिवार के सब लोग उदर पूर्ति के लिए कठोर परिश्रम करते हैं । इस परिश्रम का जो कुछ फल उन्हें प्राप्त होता है तो फिर से आर्थि...